

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली पडरौना क्षेत्र के मिश्रौली चौकी अंतर्गत बडहरागंज स्थित कर्बला सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
डीएम और एसपी ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य लोगों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग मिलजुलकर इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।
प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों को भी कड़ा संदेश दिया है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।
निरीक्षण के दौरान संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी और अन्य निगरानी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनपद प्रशासन की सक्रियता से यह साफ संकेत मिल रहा है कि मोहर्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के मोर्चे पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतर चुका है और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है।
