
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर ✍️
कुशीनगर। जनपद में पुलिस और कथित शराब तस्करों के बीच सांठगांठ को लेकर उठे सवालों के बीच आखिरकार पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो प्रकरण ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि पूरे महकमे में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने खड्डा थाना क्षेत्र की शालिकपुर चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश राजभर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार उपनिरीक्षक दिनेश राजभर, जो शालिकपुर चौकी प्रभारी के पद पर तैनात थे, को अपने पदीय कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति लापरवाही और शिथिलता बरतने का दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें पुलिस और शराब कारोबारियों के बीच कथित सेटिंग की चर्चा होने का दावा किया जा रहा था।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। जिले भर के पुलिसकर्मियों के बीच यह संदेश गया है कि अब कर्तव्य में लापरवाही या विभाग की छवि धूमिल करने वाले मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं आम जनता भी इस कार्रवाई को वायरल ऑडियो विवाद से जोड़कर देख रही है और इसे पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।
जानकारों का कहना है कि यदि जांच में और भी तथ्य सामने आते हैं तो कार्रवाई का दायरा बढ़ सकता है। फिलहाल शालिकपुर चौकी प्रभारी पर गिरी इस गाज ने पूरे जिले में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या यह केवल शुरुआत है या फिर शराब तस्करी और कथित संरक्षण के नेटवर्क पर भी आगे बड़ी कार्रवाई होगी।
फिलहाल इतना तय है कि वायरल ऑडियो से उठे बवंडर ने खड्डा पुलिस की नींद उड़ा दी है और एक चौकी प्रभारी की कुर्सी चली गई है। अब सबकी नजर आगे होने वाली जांच और संभावित कार्रवाइयों पर टिकी हुई है।

