Oplus_0

शिवसरया बुजुर्ग में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, रोते-बिलखते परिजनों के बीच पुलिस जांच में जुटी
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से अमित कुमार कुशवाहा विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवसरया बुजुर्ग गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल गूंजने लगा— आखिर अंजली की मौत के पीछे की सच्चाई क्या है?
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार 15 मई 2026 की सुबह लगभग 7 बजे डायल 112 को सूचना दी गई कि शिवसरया बुजुर्ग गांव में एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी है। सूचना मृतका के भतीजे सूरज शर्मा पुत्र विनोद शर्मा निवासी ग्राम तुर्कपट्टी महुआ सूर्य मंदिर थाना तुर्कपट्टी जनपद कुशीनगर द्वारा दी गई।
सूचना मिलते ही तमकुहीराज थाना पुलिस में अफरा-तफरी मच गई। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय और चौकी प्रभारी समउर अखिलेश कुमार यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में मृतका की पहचान अंजली शर्मा पत्नी कमलेश शर्मा उम्र लगभग 30 वर्ष निवासी शिवसरया बुजुर्ग के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि अंजली शर्मा ने घर की छत पर लगे एंकल में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। घटना के बाद परिजनों ने किसी तरह शव को नीचे उतारा और आंगन में रख दिया। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिलाएं छाती पीटकर रोती नजर आईं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था। गांव का माहौल पूरी तरह मातम में डूब गया।
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। कोई इसे घरेलू तनाव से जोड़कर देख रहा है तो कोई मौत के पीछे किसी बड़े राज की आशंका जता रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है और बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल शिवसरया बुजुर्ग गांव में इस घटना के बाद मातम, सन्नाटा और सवाल— तीनों एक साथ पसरे हुए हैं।
