

विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर से विशेष संवाददाता
दुदही/कुशीनगर। नगर पंचायत दुदही में भारतीय जनता पार्टी मंडल दुदही द्वारा महान शिक्षाविद एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित मासिक बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई तथा कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अंजेश भारती ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मंडल प्रभारी बांका सिंह उपस्थित रहे। बैठक का प्रमुख केंद्र बूथ समितियों की समीक्षा, संगठन विस्तार और समाज के हर वर्ग तक पार्टी की पहुंच को मजबूत बनाना रहा।
मंडल प्रभारी बांका सिंह ने कहा कि “चुनाव केवल रैलियों से नहीं, बल्कि मजबूत बूथ और सक्रिय कार्यकर्ताओं से जीते जाते हैं।” उन्होंने प्रत्येक बूथ पर समाज के सभी वर्गों के प्रभावशाली लोगों की सूची तैयार कर उनसे नियमित संपर्क बनाए रखने, नए समर्थकों को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ समिति को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करना होगा, तभी संगठन की ताकत कई गुना बढ़ेगी।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं। घर-घर संपर्क अभियान, नए मतदाताओं से संवाद, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन हित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
बैठक में मंडल महामंत्री राजेंद्र सिंह, मंडल कोषाध्यक्ष राजन ब्याहुत, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपराज खरवार, ओमप्रकाश मल, विभिन्न मोर्चों के मंडल अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, दुर्गेश जायसवाल, मंडल उपाध्यक्ष रमेश चंद्र कुशवाहा, डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदीप पाण्डेय, ओमप्रकाश कुशवाहा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पिंकी शर्मा, मंडल मंत्री नीलू बरनवाल, वार्ड संख्या-4 की भाजपा सभासद सपना सिंह, शेषनाथ ब्याहुत सहित बड़ी संख्या में मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर चलने तथा संगठन को बूथ स्तर से और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि मजबूत बूथ, सक्रिय कार्यकर्ता और व्यापक जनसंपर्क अभियान के दम पर भाजपा आगामी चुनाव में ऐतिहासिक सफलता की ओर बढ़ेगी।
