


विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद के थाना क्षेत्र कुबेर स्थान अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रधान पट्टी स्थित मां काली मंदिर में स्थापित भगवान श्री बजरंगबली (हनुमान जी) की प्रतिमा को बीती रात अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा कथित रूप से खंडित किए जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में रोष और चिंता का माहौल है। सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो प्रतिमा क्षतिग्रस्त देख स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र हो गए तथा घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता बड़े भैया नीरज सिंह बिट्टू, पूर्व हिन्दू युवा वाहिनी कार्यकर्ता अभिजीत गुप्ता, अमित गुप्ता, शुभम सिंह तथा पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री परोप्रकाश सिंह गोलू मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली और पूरे मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद थाना प्रभारी कुबेर स्थान से वार्ता कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल या आस्था के प्रतीक के साथ इस प्रकार की घटना समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस बीच स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए भगवान श्री बजरंगबली की नई प्रतिमा स्थापित कराने की तैयारी भी तत्काल शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि आस्था को कोई भी असामाजिक तत्व कमजोर नहीं कर सकता और मंदिर में पुनः विधि-विधान से प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की जाएगी।
पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री परोप्रकाश सिंह गोलू ने कहा कि समाज की शांति, सौहार्द और धार्मिक आस्था की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटना की गहन जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, जिससे समाज में कानून का विश्वास कायम रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी होने से लोगों का कानून और प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहेगा।
