
कुशीनगर जनपद के तहसील तमकुहीराज अंतर्गत विकासखंड दुदही की नगर पंचायत दुदही में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। श्रीहरि इंडियन गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं से खुलेआम अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार करने के आरोप सामने आए हैं। मामला 30 अप्रैल 2026 का बताया जा रहा है, जब रेलवे स्टेशन रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने सैकड़ों उपभोक्ताओं को लाइन में खड़ा कर गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा था।
आरोप है कि एजेंसी कर्मचारी अश्वनी कुमार शर्मा व वाहन चालक द्वारा होम डिलीवरी की सुविधा देने के बजाय उपभोक्ताओं को सामूहिक रूप से बुलाया गया और प्रति सिलेंडर निर्धारित 985 रुपये के स्थान पर 1000 रुपये वसूले गए। जब उपभोक्ताओं ने इस अतिरिक्त 15 रुपये की मांग पर सवाल उठाया, तो उन्हें संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्र भाषा का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध करने पर कर्मचारी ने यहां तक कह दिया कि “यह पैसा ऊपर तक जाता है, शिकायत कर लो, कोई फर्क नहीं पड़ेगा।”
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी उपभोक्ताओं द्वारा रिकॉर्ड किए जाने की बात सामने आई है, जो मामले को और गंभीर बनाता है। सवाल यह उठता है कि क्या गैस एजेंसियों को मनमानी वसूली और उपभोक्ताओं के सम्मान से खिलवाड़ करने की खुली छूट मिल चुकी है? और यदि कर्मचारियों के बयान में जरा भी सच्चाई है, तो यह मामला केवल स्थानीय स्तर का नहीं बल्कि व्यवस्था की जड़ों तक पहुंचने वाला बड़ा घोटाला साबित हो सकता है।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।
