
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबार के नाम पर लोगों का भरोसा जीतने और फिर दुकान का पूरा सामान लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। तुर्कपट्टी थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने घटना में वांछित पिता-पुत्र समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 35 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 20 हजार रुपये नगद, नेपाली करेंसी की एक गड्डी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहन वर्मा पुत्र गोरख वर्मा और उसके पुत्र राज वर्मा पुत्र मोहन वर्मा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से देवरिया जनपद के रामगुलाम टोला थाना कोतवाली देवरिया के निवासी बताए गए हैं और वर्तमान में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के नोनियापट्टी में रह रहे थे।
पुलिस की कहानी के मुताबिक, करीब 7-8 वर्ष पहले पिता-पुत्र देवरिया से कुशीनगर आए और नोनियापट्टी तिराहे पर “कोमल ज्वैलर्स एंड बर्तन स्टोर” नाम से दुकान शुरू की। दुकान पर सोने-चांदी के आभूषण और बर्तनों का कारोबार किया जाता था। पुलिस का कहना है कि दोनों स्थानीय सर्राफा कारोबारियों से आभूषणों की खरीद-बिक्री के साथ आसपास के ग्रामीणों के गहने गिरवी रखकर ऋण देने का काम भी करते थे।
लेकिन 11 मई 2026 को अचानक कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि इलाके में हलचल मच गई। पुलिस के अनुसार, दोनों पिता-पुत्र बिना किसी को सूचना दिए दुकान खुली छोड़कर उसमें रखा सामान लेकर फरार हो गए। मामले में तुर्कपट्टी थाने पर मु0अ0सं0 112/2026 के तहत धारा 316(2)/317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने लगातार सुराग जुटाए और आखिरकार 26 जुलाई 2026 को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी ने मामले की गंभीरता और बड़ा कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के कब्जे से 229.19 ग्राम पीली धातु यानी सोने के विभिन्न आभूषण तथा करीब 3.904 किलोग्राम सफेद धातु यानी चांदी के आभूषण बरामद हुए। इनमें नथ, नथिया, लाकेट, कान की बाली, अंगूठियां, मांगटीका, झुमका, मंगलसूत्र लाकेट, चेन और कड़ा समेत बड़ी संख्या में आभूषण शामिल हैं।
वहीं चांदी के आभूषणों में बिछिया, सिक्के, पाजेब, पायल, चैन, ब्रेसलेट, लाकेट और अन्य सामान शामिल बताया गया है। इसके अलावा 20 हजार रुपये नगद, नेपाली करेंसी की एक गड्डी और UP-57-BY-1453 नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में तुर्कपट्टी थाना पुलिस और प्रभारी सर्विलांस सेल शन्नी दूबे समेत पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
यानी जिस दुकान के भरोसे पर लोग अपने कीमती जेवर गिरवी रख रहे थे, उसी दुकान से पिता-पुत्र के अचानक गायब होने के बाद उठे सवालों का पुलिस ने अब बरामदगी के साथ बड़ा जवाब दिया है।
