कुशीनगर जनपद के ग्राम सभा छपरा अहिरौली कोटवा गुलाब राय की होनहार छात्रा कृति वर्मा ने कक्षा 10 की परीक्षा में 90.2% अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय सेंट जेवियर्स स्कूल, कसया में द्वितीय स्थान हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ाया है।
कृति वर्मा, जो कि वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश वर्मा की पुत्री हैं, ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह सफलता अर्जित की है। सीमित संसाधनों के बीच भी उन्होंने जिस तरह से अपने लक्ष्य को साधा, वह अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। गांव के लोग आज गर्व से उनका नाम ले रहे हैं और इसे शिक्षा के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।
इस उपलब्धि के बाद स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से भी कृति वर्मा की सराहना की जा रही है। जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। कृति की सफलता इसी बात का सशक्त उदाहरण है।
हालांकि, यह भी एक बड़ा सवाल खड़ा करता है कि आखिर ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं क्यों नहीं उपलब्ध कराई जातीं। अगर व्यवस्थाएं मजबूत हों, तो ऐसे कई कृति वर्मा सामने आ सकती हैं, जो जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
कृति वर्मा की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। गांव में खुशी का माहौल है और लोग इसे एक नई शुरुआत के रूप में देख रहे हैं, जहां बेटियां न केवल पढ़ाई में आगे बढ़ रही हैं, बल्कि समाज में नई मिसाल भी कायम कर रही हैं।
