
विलेज फास्ट टाइम्स | न्यूज़ नेटवर्क
बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। गुरुवार देर रात साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बखड्डा ढाला के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थानाध्यक्षों सहित चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी पुलिसकर्मी पटना में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा करने के बाद अपने कार्यस्थल लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी एनएच-31 पर दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली।
मृतकों में रतवारा थाना प्रभारी साजन कुमार पासवान, अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा बेलारी थाना प्रभारी सहित कुल चार पुलिसकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन में शव बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया।
इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया। घटनास्थल पर देर रात तक पुलिस और प्रशासन की टीम जांच में जुटी रही। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
इस दुखद घटना पर वरिष्ठ अधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों की असमय मृत्यु ने पुलिस विभाग को गहरा आघात पहुंचाया है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग दिवंगत पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
एनएच-31 पर हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।
