
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर अब तक किसकी मेहरबानी चल रही थी? ऑनलाइन आईजीआरएस शिकायतों के बाद जब विभागीय टीम हरकत में आई तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
दुदही ब्लॉक क्षेत्र के जंगल विशुनपुरा में संचालित एक कथित “आइसक्रीम फैक्ट्री” की हकीकत देखकर जांच टीम भी दंग रह गई। शिकायतकर्ता आफताब आलम द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर 20 मई 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा। मौके पर फैक्ट्री के नाम पर ऐसा खेल मिला जिसने “कूल-कूल आइसक्रीम” के पीछे छिपे गंदे कारोबार की पोल खोल दी।
जांच में परिसर के पिछले हिस्से में बर्फ जमाने की मशीनें और दो डीप फ्रीजर मिले, जिनमें साधारण बर्फ के टुकड़े और बर्फ की सिल्लियां रखी गई थीं। लेकिन जिस “आइसक्रीम मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री” का ढिंढोरा पीटा जा रहा था, वहां न आइसक्रीम मिली और न ही आइसकैंडी। मालिक श्रवण कुमार गुप्ता ने सफाई देते हुए कहा कि बर्फ मछली विक्रेताओं को बेचने के लिए रखी गई थी। सवाल यह उठता है कि अगर कारोबार इतना साफ-सुथरा था तो पंजीकरण प्रमाण पत्र मौके पर क्यों नहीं दिखाया गया?
यही नहीं, परिसर में आटा चक्की और छोटा स्पेलर भी चलता मिला। बिना पंजीकरण खाद्य कारोबार संचालित करने पर विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि “जांच अगर पहले हुई होती तो शायद लोगों की सेहत के साथ इतना बड़ा खिलवाड़ नहीं होता।”
उधर, दूसरी कार्रवाई में पृथ्वीपुर क्षेत्र में नकली और मिलावटी बेसन बेचने की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम पहुंची। जांच के दौरान एक बोरी में रखा संदिग्ध बेसन मिला, जिसका नमूना जांच के लिए भेजा गया। हालांकि विक्रेता के पास पंजीकरण प्रमाण पत्र पाया गया, लेकिन सवाल यह है कि आखिर बाजार में मिलावटी सामान पहुंच कैसे रहा है?
क्षेत्र में चर्चा है कि “त्योहारों और गर्मी के मौसम में मिलावटखोरों की चांदी रहती है और विभागीय कार्रवाई सिर्फ शिकायत आने के बाद ही जागती है।”
यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल वर्मा के नेतृत्व में की गई। अब देखने वाली बात होगी कि यह कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रहती है या फिर मिलावट और बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों पर सच में शिकंजा कसता है।
