

विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर व गोरखपुर न्यूज़ नेटवर्क विषेश संवाददाता
गोरखपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना चुके युवा समाजसेवी कुलदीप पाण्डेय ने अब सक्रिय राजनीति में उतरकर पूर्वांचल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। “राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी” के गठन के साथ ही सैकड़ों युवाओं और कार्यकर्ताओं का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि अब जनता पारंपरिक राजनीति से हटकर एक नए विकल्प की तलाश में है।
जनसेवा, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों को अपनी पहचान बना चुके कुलदीप पाण्डेय ने साफ शब्दों में कहा कि राजनीति अब केवल कुर्सी और सत्ता का खेल बनकर रह गई है, जबकि असली राजनीति गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का माध्यम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और रोजगार के संकट से जूझ रहा है, किसान अपनी उपज का सही मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है और मजदूर वर्ग व्यवस्था की मार झेल रहा है। ऐसे में एक ऐसी राजनीतिक ताकत की जरूरत थी जो केवल भाषण नहीं, बल्कि जमीन पर संघर्ष करे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने दावा किया कि “राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी” गांव से लेकर शहर तक विकास की नई इबारत लिखने का काम करेगी। पार्टी का लक्ष्य जाति, धर्म और क्षेत्रवाद की राजनीति से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि यदि देश और समाज में वास्तविक बदलाव लाना है तो युवाओं को राजनीति में आगे आना होगा और भ्रष्ट तथा अवसरवादी राजनीति को चुनौती देनी होगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कुलदीप पाण्डेय का यह कदम पूर्वांचल की राजनीति में नई दिशा दे सकता है। जिस तरह से युवाओं और आम लोगों का समर्थन पार्टी को मिल रहा है, उससे आने वाले समय में यह संगठन एक बड़ी जनशक्ति बनकर उभर सकता है।
गोरखपुर समेत आसपास के जिलों में पार्टी को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि कुलदीप पाण्डेय की राजनीति केवल वादों तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने की सोच पर आधारित है। यही वजह है कि “राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी” को लोग बदलाव की नई उम्मीद के रूप में देखने लगे हैं।
