

विलेज फास्ट टाइम्स गोरखपुर न्यूज़ नेटवर्क से विशेष संवाददाता
गोरखपुर। शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, कल्पनाशक्ति और व्यक्तित्व को नई उड़ान देने का माध्यम है। इसी सोच को साकार करते हुए केबीएस यूनिक द प्ले वर्ल्ड स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय समर कैंप के तीसरे दिन चित्रकला प्रतियोगिता ने रचनात्मकता का अद्भुत रंग बिखेर दिया। विद्यालय परिसर उस समय रंगों की जीवंत दुनिया में तब्दील हो गया, जब नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को कागज़ पर उकेरकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने समर कैंप से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा, सूझबूझ और रचनात्मक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। किसी ने प्रकृति के मनोहारी दृश्य उकेरे तो किसी ने खुशियों, सपनों और रंगों से सजी अपनी कल्पनाओं को जीवंत रूप दिया। बच्चों की रंग-बिरंगी कलाकृतियां पूरे विद्यालय परिसर में आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का मजबूत मंच है। उन्होंने बताया कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उनकी सोचने-समझने की क्षमता को नई दिशा देने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन के हर क्षेत्र में दक्ष बनाना भी है।
विद्यालय के प्रबंधक कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में सह-पाठयक्रम गतिविधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। विद्यालय बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि समर कैंप में चित्रकला के साथ-साथ नृत्य, संगीत, खेलकूद, क्राफ्ट एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे बच्चों का मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी कलाकृतियों की सराहना की। वहीं अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस अभिनव पहल को सराहनीय बताते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उपयोगी कदम बताया। विद्यालय प्रशासन ने घोषणा की कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 27 मई को सम्मानित किया जाएगा। समर कैंप का यह आयोजन बच्चों के उत्साह, ऊर्जा और सृजनशीलता का शानदार उदाहरण बनकर उभरा।
