
VILLAGE FAST TIMES | कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने और हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में कथित अभद्र टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामले का संज्ञान लेते हुए विशुनपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी वाला एक पोस्ट वायरल होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर थाना विशुनपुरा में मु0अ0सं0 209/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टुनटुन कुमार पुत्र सूरज कुमार, निवासी बंगाली पट्टी, थाना विशुनपुरा, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 353(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का मंच अवश्य है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि कोई व्यक्ति धार्मिक आस्थाओं का अपमान करे या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करे। ऐसे मामलों पर पुलिस की लगातार निगरानी है और कानून हाथ में लेने या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को थाना विशुनपुरा के थानाध्यक्ष शनि कुमार जावला के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक अजती कुमार तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र यादव शामिल रहे।
VILLAGE FAST TIMES सभी नागरिकों से अपील करता है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी धर्म, देवी-देवता या समुदाय के विरुद्ध आपत्तिजनक सामग्री साझा करना न केवल सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करता है, बल्कि कानूनी कार्रवाई का कारण भी बन सकता है।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर आधारित है। मामले के आरोप न्यायालय में विचारणीय हैं और अभियुक्त को न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध होने तक कानून की दृष्टि में निर्दोष माना जाता है।
