

विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर नगर पंचायत दुदही स्थित श्री सीताराम हायर सेकेंडरी विद्यालय का प्रांगण उस समय गौरव, उत्साह और देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा, जब विद्यालय के पूर्व छात्र अंगद यादव, गुड्डू यादव एवं मुकेश मद्धेशिया के भारतीय सेना में चयन होने पर उनके सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने तीनों नवचयनित सैनिकों का जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें पुष्पमालाओं, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि यह केवल तीन परिवारों की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे दुदही क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। तीनों युवाओं की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित राजन ब्याहुत, सभासद प्रतिनिधि दुदही एवं बजरंग दल के हिंदू नेता ने अपने संबोधन में कहा कि “देश की सीमाओं की रक्षा करने का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता। आज दुदही के तीन बेटों ने भारतीय सेना की वर्दी पहनकर पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ाया है। ऐसे वीर युवाओं का सम्मान करना समाज का कर्तव्य है। इनके साहस और समर्पण से आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा लेंगी तथा राष्ट्र सेवा के लिए आगे बढ़ेंगी।”
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गीता चौरसिया ने तीनों छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के लिए यह ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण है। वहीं उप प्रधानाचार्य श्री रितेश कुमार पाठक, उप प्रबंधक उत्कर्ष चौरसिया तथा संचालक डी.पी. व्यास ने तीनों सैनिकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय हमेशा अपने विद्यार्थियों की सफलता पर गर्व करता रहेगा।
सम्मान समारोह में अध्यापक उपेंद्र कुमार, अशोक यादव, गमई प्रसाद, मुंशी जी, सचिन पाठक, अंजली मिश्रा, गुड्डी कुशवाहा, अभिषेक मद्धेशिया, आदित्य गुप्ता, रिजवान अंसारी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मानित होने वाले तीनों सैनिकों में मुकेश मद्धेशिया (पिता – श्री अमरजीत मद्धेशिया, ग्राम सभा बांसगांव, दुदही), अंगद यादव (पिता – श्री विंध्याचल यादव, ग्राम सभा ठाड़ीबार, दुदही) तथा गुड्डू यादव (पिता – श्री लालबाबू यादव, वार्ड संख्या-10, श्री राम जानकी नगर, नगर पंचायत दुदही) शामिल रहे।
समारोह के अंत में पूरा विद्यालय परिसर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा। यह सम्मान समारोह न केवल तीन वीर सपूतों के सम्मान का अवसर बना, बल्कि क्षेत्र के युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का नया उत्साह एवं संकल्प भी जगा गया।
