
राष्ट्रभक्ति से प्रेरित शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला: प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय
गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भगवानपुर फर्टिलाइजर क्षेत्र स्थित केबीएस यूनिक द प्ले वर्ल्ड स्कूल में देशभक्ति और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में “मेरा भारत महान” विषय पर आयोजित देशभक्ति चित्रकला प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने अपनी कल्पनाओं के रंगों से देश के गौरव, संस्कृति, वीरता और राष्ट्रीय स्वाभिमान को जीवंत कर दिया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के करीब 50 होनहार विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपने अभिभावकों के सहयोग से घर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत आकर्षक एवं रंग-बिरंगे चित्र तैयार किए। किसी चित्र में तिरंगे की शान दिखाई दी तो किसी में भारत की समृद्ध संस्कृति, वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र की गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिली। नन्हे हाथों से बनाए गए चित्रों ने यह साबित कर दिया कि देशप्रेम की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय के निर्देशन तथा शिक्षिकाओं ज्योति, पिंकी और रुचिता के संचालन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी गई।
प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय ने कहा कि “राष्ट्रभक्ति से प्रेरित शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। बच्चों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और भारतीय संस्कृति से जोड़ना विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, राष्ट्रीय चेतना और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करती हैं।
विद्यालय परिवार के अनुसार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के चित्रों का चयन किया जाएगा और स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
केबीएस यूनिक स्कूल की यह पहल महज चित्रकला प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नन्हे मनों में राष्ट्रप्रेम की लौ प्रज्वलित करने और “मेरा भारत महान” के संकल्प को मजबूत करने का प्रेरणादायी प्रयास बनकर सामने आई।
Did you like this feature?
