
झांकियों, नृत्य और फूलों की होली ने मोहा मन, प्रतिभाशाली बच्चों को मिला सम्मान
गोरखपुर। भारतीय सनातन संस्कृति, भक्ति और उल्लास के रंगों में रंगे माहौल के बीच पंडित बृजेश पाण्डेय एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित केबीएस यूनिक स्कूल, भगवानपुर, निकट फर्टिलाइज़र कॉलोनी, गोरखपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय का सभागार उस समय भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा, जब नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा, कृष्ण और गोपियों की आकर्षक वेशभूषा में मंच पर पहुंचे और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक डा. कुलदीप पाण्डेय रहे। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में प्रतिभा और परिश्रम को मिले सम्मान ने बच्चों के चेहरे पर खुशी की अलग चमक बिखेर दी।
महोत्सव का आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने में शिक्षिकाओं ज्योति, पिंकी, रुचिता एवं खुशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों की तैयारियों से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक शिक्षिकाओं की मेहनत साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकियां रहीं। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा और गोपियों के स्वरूप को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नृत्य प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। भक्ति गीतों और मनमोहक नृत्यों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जन्माष्टमी उत्सव के दौरान राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों ने फूलों की होली खेलकर पूरे माहौल को आनंद और उत्साह से भर दिया। रूप-सज्जा और वेशभूषा के आधार पर चयनित पांच सर्वश्रेष्ठ राधा-कृष्ण जोड़ों को विशेष पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रत्येक बच्चे को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर उनकी प्रतिभा और सहभागिता का सम्मान किया गया।
समापन अवसर पर प्रबंधक डा. कुलदीप पाण्डेय ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, साहस, करुणा और निष्काम कर्म की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि केबीएस यूनिक स्कूल का उद्देश्य केवल बेहतर शिक्षा देना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए संस्कारवान, जिम्मेदार और प्रतिभाशाली नागरिक तैयार करना भी है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
— विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज नेटवर्क, यूपी
