Oplus_0

विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। पड़रौना कोतवाली परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब रिवॉल्वर की सफाई के दौरान अचानक गोली चल गई। बताया जा रहा है कि गोली सीधे किसी व्यक्ति को लगने के बजाय पहले दीवार से टकराई और उसके बाद रिकोशे होकर कोतवाली परिसर में मौजूद चौकीदार को जा लगी। गोली लगते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई और घायल चौकीदार को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल चौकीदार की पहचान छोटेलाल जायसवाल (40 वर्ष) पुत्र जपुना प्रसाद, निवासी कानू टोला, साहबगंज, पड़रौना, कुशीनगर के रूप में हुई है। छोटेलाल पड़रौना कोतवाली में चौकीदार के पद पर तैनात हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार को कोतवाली में पुलिसकर्मी द्वारा निर्गत लाइसेंसी रिवॉल्वर की सफाई की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गोली चल गई। गोली दीवार से टकराकर रिकोशे हुई और कुछ दूरी पर बैठे चौकीदार छोटेलाल को लग गई। घटना के बाद पूरे कोतवाली परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए घायल चौकीदार को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।
सदर क्षेत्राधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पड़रौना कोतवाली में रिवॉल्वर की सफाई के दौरान गोली चलने और चौकीदार के घायल होने की सूचना मिली थी। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
अब इस घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि रिवॉल्वर की सफाई के दौरान आखिर गोली कैसे चल गई? क्या सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन किया जा रहा था या फिर कहीं कोई गंभीर लापरवाही हुई? पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियों और घटना के सही कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
