
जातिगत आरक्षण की समीक्षा और आर्थिक आधार पर अवसर देने की मांग, ‘शिक्षा बचाओ–संविधान बचाओ’ के नारों से गूंजा धरना स्थल
विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज नेटवर्क | गोरखपुर
गोरखपुर। आरक्षण व्यवस्था और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर गोरखपुर में सोमवार को सियासी माहौल उस समय गरमा गया, जब राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी के बैनर तले कार्यकर्ता और समर्थक धरना-प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतर आए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में आरक्षण नीति की समीक्षा, शिक्षा में समान अवसर और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को प्राथमिकता देने जैसी मांगों को जोरदार ढंग से उठाया गया।
धरना स्थल पर हाथों में पोस्टर और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने ‘शिक्षा बचाओ–संविधान बचाओ’ तथा अन्याय के खिलाफ आवाज जैसे संदेशों के जरिए अपनी मांगों को बुलंद किया। प्रदर्शन के दौरान ‘यूजीसी रोलबैक करो’ और ‘आरक्षण बंद करो’ जैसे नारों ने माहौल को गरमा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अवसरों की व्यवस्था को लेकर सरकार को युवाओं के साथ व्यापक संवाद करना चाहिए।
पार्टी अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि उनकी पार्टी जातिगत आधार पर आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरक्षण व्यवस्था समाप्त नहीं की जाती तो इसे कम से कम आर्थिक आधार पर लागू किया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक रूप से जरूरतमंद लोगों तक सरकारी अवसर पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को केवल उसकी जाति के आधार पर अवसर मिलना अथवा उससे वंचित होना उचित नहीं है। पार्टी ने एससी/एसटी से संबंधित मौजूदा कानूनी प्रावधानों की भी समीक्षा की मांग उठाई। उनका कहना था कि यदि किसी कानून के दुरुपयोग की शिकायत सामने आती है तो उसकी रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने उच्च शिक्षा में यूजीसी की भूमिका और वर्तमान व्यवस्था की भी व्यापक समीक्षा की मांग की। पार्टी नेताओं के मुताबिक शिक्षा व्यवस्था को अनावश्यक प्रावधानों से मुक्त कर सरल, पारदर्शी और समान अवसर आधारित बनाया जाना चाहिए।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि उसका आंदोलन किसी जाति या समुदाय के विरोध में नहीं, बल्कि समान अवसर और आर्थिक न्याय की मांग को लेकर है। नेताओं ने सरकार से युवाओं की आवाज सुनने, खुली बहस कराने और इन मुद्दों पर व्यापक संवाद शुरू करने की अपील की।
धरने में नवीन धार दूबे, मयंक ओझा, पशुपति नाथ मिश्रा, सरिता उपाध्याय, मदन श्रीवास्तव, भानु प्रकाश पाण्डेय, जयसिंह, नवरतन मिश्रा, सुनील तिवारी, धीरज पाण्डेय, ज्योति मिश्रा, नीरज तिवारी, लवकुश मिश्रा, संजय सिंह, बंटी सिंह, रामू शर्मा, कौशल पाण्डेय, वीरेंद्र श्रीवास्तव, मनोज चतुर्वेदी, संगम तिवारी, अलोक मिश्रा, जयप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज नेटवर्क
“सच्चाई की आवाज़ – गाँव से शहर तक”
