
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर। विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के चौराखास थाना क्षेत्र स्थित बड़हरा चौराहे से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और वर्दी की गरिमा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे इस वीडियो में एक पुलिसकर्मी और होमगार्ड का व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो के वायरल होने के बाद आमजन से लेकर बुद्धिजीवियों तक में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए एक संविदा बिजली कर्मी फाल्ट ठीक करने जा रहा था। इसी दौरान वाहन चेकिंग के दौरान उसे रोके जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि चेकिंग के दौरान मौजूद पुलिसकर्मी द्वारा कर्मचारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा कथित रूप से चुनौतीपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल किया गया। वायरल वीडियो में सुनाई पड़ रही बातचीत को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी अपने कर्तव्य के निर्वहन के लिए जा रहा था, तो उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए था। वहीं दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि यदि नियमों के तहत चेकिंग की जा रही थी तो प्रक्रिया पूरी तरह मर्यादित और कानून सम्मत होनी चाहिए थी।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि वायरल वीडियो वास्तविक है तो क्या एक जिम्मेदार वर्दीधारी कर्मचारी को सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना शोभा देता है? क्या कानून लागू कराने वाले स्वयं अनुशासन और संयम की कसौटी पर खरे उतर रहे हैं? यही प्रश्न अब जनचर्चा का विषय बन चुका है।
विधि विशेषज्ञों का मानना है कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। किसी भी परिस्थिति में सरकारी पद का उपयोग भय, दबाव अथवा अपमान की भावना पैदा करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। यदि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे तथ्य सही पाए जाते हैं तो यह केवल व्यक्तिगत आचरण का मामला नहीं बल्कि विभागीय अनुशासन और जवाबदेही का भी विषय बन सकता है।
फिलहाल वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा किया जाना शेष है। लेकिन यह घटना एक बार फिर इस प्रश्न को सामने ला खड़ा करती है कि जनता की सुरक्षा और सम्मान की शपथ लेने वाली वर्दी से आखिर आम नागरिक कैसी अपेक्षा रखे?
अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाती है या फिर यह मामला भी चर्चाओं और सवालों के बीच दबकर रह जाएगा।
