
पडरौना ब्लॉक में आधार सेवा केंद्र का सीडीओ ने किया शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी राहत
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विकास खंड पडरौना परिसर में स्थापित नवीन आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने इसे ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि अब आधार से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को जिला मुख्यालय अथवा दूर-दराज के केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर संशोधन अथवा बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए लंबी दूरी तय करने को मजबूर थे। कई बार दलालों और अनावश्यक खर्च का भी सामना करना पड़ता था। ऐसे में ब्लॉक परिसर में आधार सेवा केंद्र की स्थापना को प्रशासन की एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हों। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि केंद्र पर आने वाले किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा सभी सेवाएं पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराई जाएं।
सीडीओ ने विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुविधा केंद्र तभी सार्थक होगा जब यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति संतुष्ट होकर वापस जाए।
हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर योजनाओं और सुविधाओं का उद्घाटन तो बड़े उत्साह के साथ होता है, लेकिन बाद में व्यवस्थाएं दम तोड़ देती हैं। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर भी रहेंगी कि यह केंद्र केवल फीता काटने तक सीमित रहता है या वास्तव में आम जनता को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि यह केंद्र सरकारी दावों को जमीन पर उतारने का माध्यम बनेगा, न कि केवल एक और औपचारिक उपलब्धि साबित होगा।
केंद्र पर नवीन आधार पंजीकरण, नाम, पता, जन्मतिथि एवं मोबाइल नंबर संशोधन, बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार संबंधी तकनीकी सुधार सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष गुप्ता, सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पाण्डेय, सचिन उत्तम यादव, अरुण कुमार गोंड, अभिषेक सिंह, आदेश, अध्ययन, सुधीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अब देखना यह होगा कि डिजिटल सुविधा का यह नया द्वार ग्रामीणों के लिए कितनी राहत लेकर आता है।
