

शनिदेव जयंती पर मानवता का संदेश, युवा जनकल्याण समिति ने 50 महिलाओं को बांटी साड़ियां
विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज नेटवर्क, गोरखपुर।
आज के दौर में जहां धार्मिक आयोजन कई बार सिर्फ दिखावे, फोटोबाजी और राजनीतिक मंचों तक सिमट कर रह गए हैं, वहीं गोरखपुर के हुमायूंपुर स्थित शनिदेव मंदिर परिसर में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने समाज को इंसानियत का असली आईना दिखा दिया। शनिदेव जयंती एवं वट सावित्री व्रत के पावन अवसर पर युवा जनकल्याण समिति ने जरूरतमंद महिलाओं के सम्मान में सेवा कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 50 महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं।
कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के प्रमुख एवं संस्थापक पंडित बृजेश पाण्डेय ने किया। साड़ी पाकर महिलाओं के चेहरों पर जो मुस्कान दिखी, वह शायद उन बड़े-बड़े भाषणों से कहीं ज्यादा प्रभावशाली थी, जिनमें अक्सर गरीबों की बात तो होती है, लेकिन उनके आंसू पोंछने कोई नहीं पहुंचता।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, सम्मान और सेवा का अनोखा संगम देखने को मिला। महिलाओं ने समिति और पंडित बृजेश पाण्डेय का आभार जताते हुए कहा कि “आज भी समाज में ऐसे लोग हैं जो बिना स्वार्थ गरीबों के बारे में सोचते हैं।”
इस मौके पर पंडित बृजेश पाण्डेय ने कहा, “धार्मिक पर्व केवल पूजा-पाठ और परंपराओं तक सीमित नहीं होने चाहिए। अगर किसी गरीब मां-बहन के चेहरे पर मुस्कान आ जाए, तभी पर्व की सार्थकता है। सेवा और सहयोग ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है।”
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि जब समाज का एक वर्ग सिर्फ सोशल मीडिया पर संवेदनाएं दिखाने में व्यस्त है, तब युवा जनकल्याण समिति जमीन पर उतरकर मानवता की असली मिसाल पेश कर रही है। यह आयोजन न सिर्फ सेवा का संदेश दे गया, बल्कि उन लोगों पर भी एक बड़ा कटाक्ष बन गया जो धर्म को केवल प्रदर्शन तक सीमित रखते हैं।
