
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत विशुनपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाबालिग से दुष्कर्म एवं पाक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास भी मजबूत हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना विशुनपुरा पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 69/2026, धारा 137(2), 87, 64 बीएनएस एवं 5/6 पाक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त गोविन्द पुत्र गौरी साहनी निवासी ग्राम बरवा बभनौली टोला रामनगर थाना विशुनपुरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से पुलिस की नजरों से बचने का प्रयास कर रहा था, लेकिन थाना विशुनपुरा पुलिस की सक्रिय निगरानी, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के चलते आखिरकार उसे दबोच लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं एवं बच्चियों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में चल रहे विशेष अभियान के तहत ऐसे अपराधियों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से बड़ा कोई नहीं है और मासूमों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को सीधे जेल का रास्ता दिखाया जाएगा।
इस गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सौरभ गिरी, हेड कांस्टेबल वैष्णव प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र यादव की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहनी चाहिए, ताकि समाज में कानून का भय कायम रहे और बेटियां सुरक्षित महसूस कर सकें।
