

विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
कुशीनगर। जनपद के थाना अहिरौली बाजार क्षेत्र में रविवार की भोर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। घर के पास घायल अवस्था में मिले 23 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। घटना ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक की पहचान संदीप यादव (23 वर्ष) पुत्र शिवधारी यादव निवासी बरडिहा, थाना अहिरौली बाजार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह लगभग 5 बजे परिजनों ने संदीप यादव को घर के समीप गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन जिंदगी की जंग हार चुके युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों से पर्दा उठ सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस टीम और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है। पुलिस आसपास के परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, गतिविधियों और संभावित विवादों की भी जांच में जुटी हुई है।
इस पूरे प्रकरण पर क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मामले की हर बिंदु पर गहन जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हालांकि, युवक की मौत के पीछे क्या वजह रही? मारपीट, निजी रंजिश, आपसी विवाद या कोई और छिपा हुआ कारण? इन सवालों के जवाब अभी जांच के घेरे में हैं। लेकिन एक युवा जिंदगी के अचानक खत्म हो जाने से गांव में शोक, बेचैनी और चर्चा का माहौल जरूर बन गया है।
अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असल कहानी सामने ला सकती है।
